Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की लागत की 6 योजनाओं का शिलान्यास तथा 34.04 करोड़ रुपये की लागत की 6 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये योजनाएं पेयजल, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित हैं।

मुख्यमंत्री ने जिन छह योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें सबसे प्रमुख 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर एवं आसपास की आबादी को पेयजल आपूर्ति के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की योजना शामिल है। इसके अतिरिक्त 50 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपये की लागत से कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने 12 करोड़ 16 लाख 64 हजार रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण तथा 22 लाख 75 हजार रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके साथ ही 6 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर 2 से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14 करोड़ 82 लाख 32 हजार रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) का उच्चीकरण कार्य शामिल है। इसके अतिरिक्त 4 करोड़ 37 लाख 86 हजार रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 3 लाख 41 हजार रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा 2 करोड़ 17 लाख 98 हजार रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर 1 से 8 तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्मित दो महत्वपूर्ण भवनों का लोकार्पण किया। इनमें 4 करोड़ 37 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन तथा 4 करोड़ 24 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।
इन विकास योजनाओं का उद्देश्य गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध निर्माण योजना जहां गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी की पेयजल आवश्यकताओं से जुड़ी है, वहीं बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के कार्य स्थानीय आबादी की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। सड़क संबंधी कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं में सुधार होगा। इसी प्रकार शिक्षण संस्थानों के भवन निर्माण, पुलिस थाने और फायर यूनिट की नई सुविधाओं से क्षेत्र की शैक्षिक एवं प्रशासनिक अवस्थापना को मजबूती मिलेगी।