निजी चैनल द्वारा भाजपा नेता के खिलाफ गलत खबर चलाये जाने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने घनसाली में किया पुतला दहन।



घनसाली/ टिहरी गढ़वाल:- भाजपा नेता परमवीर पंवार को दुष्कर्म का आरोपी बनाकर झूठी खबर चलाकर सनसनी फैलाने के आरोप में घनसाली में लोगों ने “रफ्तार मीडिया” न्यूज चैनल का पुतला फूंककर नारेबाजी की। व्यापार मंडल के आह्वान पर घनसाली बैरियर तिराहे पर विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने रफ्तार मीडिया न्यूज चैनल पर झूठी खबर फैलाने का आरोप लगाया और घनसाली में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने वाले लोगों कहना है कि पीड़िता ओर आरोपी के झगड़े में जनप्रतिनिधि होने के नाते बीच बचाव करने गए भाजपा नेता पर पीड़िता ने केवल सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, लेकिन रफ्तार मीडिया न्यूज चैनल ने साजिशन भाजपा नेता पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल उत्पन्न कर दिया है। जिससे सामाजिक लोगों द्वारा आगे से किसी भी लड़ाई-झगड़े के विवाद को सुलझाने में कोशिश नहीं की जाएगी।

आपको बता दें कि विगत दिवस टिहरी जनपद के घनसाली क्षेत्र में हुई दुष्कर्म के प्रयास की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी मची हुई है।
उक्त घटना में बीजेपी के नेता व टिहरी जिला उपाध्यक्ष परमवीर पंवार पर पीड़ित महिला द्वारा साथियों के साथ मिलकर सबूत मिटाने के आरोप लगाए गए है।

बता दें कि यह घटना बीते 6 मार्च की है जिस पर पीड़िता ने थाना घनसाली में FIR दर्ज की है जिसमें सुभाष नाम के युवक पर पीड़िता ने दुष्कर्म के प्रयास ओर मारपीट का आरोप लगाया है साथ ही पीड़िता ने आरोपी के पिता के साथ ही भाजपा नेता परमवीर पंवार पर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभाष पंवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया और अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
शनिवार को भाजपा नेता परमवीर पंवार की पत्नी सहित उनके तमाम समर्थकों और परिजनों ने निजी चैनल पर गलत खबर प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए निजी चैनल का पुतला दहन किया। सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा नेता यशवंत गुसाईं ने कहा कि एक निजी न्यूज चैनल द्वारा एक तरफा खबर चलाई गई जो निंदनीय है।
वहीं भाजपा अनु मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुजवाण ने बताया कि इस घटनाक्रम में जो मुख्य आरोपी था पुलिस ने उसे जेल की सलाखों में भेज दिया है। जबकि अन्य जो दो लोगों पर आरोप लगाया गया है वो बिल्कुल निराधार है और एक निजी चैनल द्वारा बेबुनियाद खबर चलाकर परमवीर पंवार जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति की छवि को धूमिल करने का कार्य किया जा रहा है।
वहीं भाजपा नेता की पत्नी सहित तमाम लोग इस निजी चैनल का विरोध जताकर पुतला दहन किया।
इस दौरान भाजपा नेता कुशाल रावत, संदीप बडोनी, केदार बगियाल, गुरुचरण आदि तमाम लोग मौजूद रहे।




