
तिब्बती मार्केट गोली कांड का पुलिस ने किया खुलासा,कलयुगी मां ने भाड़े के बदमाशों से कराई सगे बेटी की हत्या
https://www.facebook.com/share/v/1CRD5nyi9q/ देखें पुलिस का खुलासा
देहरादून: राजधानी देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी और टेनिस प्लेयर अर्जुन की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि संपत्ति और गैस एजेंसी के लोन को लेकर चल रहे विवाद के चलते मृतक की मां बीना शर्मा ने ही अपने बेटे की हत्या करवाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी मां ने शूटरों को 12 लाख रुपये में सुपारी दी थी, जिसमें से तीन लाख रुपये पहले ही दे दिए गए थे और बाकी रकम वारदात के बाद दी जानी थी। बताया गया कि करीब 25 दिन पहले ही हत्या की साजिश रची गई थी और बीना शर्मा बेटे की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी भी ली थी।
आठ करोड़ रुपये बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि हाल ही में जीएमएस रोड स्थित संपत्ति बेचने के बाद बीना शर्मा के खाते में करीब 14 करोड़ रुपये आए थे। इनमें से आठ करोड़ रुपये उसने विनोद नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। जब अर्जुन ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और हत्या की साजिश रची गई।
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड के बाद पुलिस ने शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया और कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं लालतप्पर चौकी क्षेत्र में स्कूटी सवार दूसरे बदमाश ने पुलिस से बचने की कोशिश करते हुए एक खंडहर फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग की। पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। मामले में आगे की जांच जारी है।