Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए तहसील, जिला और प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित दीपावली महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों और प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में पत्रकारों के हित में घोषणाएं करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ने से अधिक पत्रकारों को इसका लाभ मिल सकेगा। साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी इजाफा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज तथा सरकार के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी भी है। पत्रकार जहां सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाते हैं, वहीं जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने का काम भी करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और शासन को जनभावनाओं से जोड़ने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। समाचार माध्यमों से सरकार और प्रशासन को विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के धरातल पर प्रभाव की जानकारी मिलती है। पत्रकारों के सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार साबित होते हैं। उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए पत्रकारों से अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार से पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं, लेकिन फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती भी बनी हैं। ऐसे समय में तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं को लेकर भी प्रयास कर रही है। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार पूर्व में भी पत्रकार पेंशन में वृद्धि कर चुकी है। इसके अलावा पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उत्तराखंड को विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य में पत्रकारों का रचनात्मक सहयोग महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल,कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।