Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124


देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर सियासत करने और तथ्यों को छिपाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज कर अनावश्यक राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि परेड ग्राउंड के लिए कांग्रेस की ओर से किए गए प्रारंभिक आवेदन में कहीं भी राहुल गांधी के कार्यक्रम का उल्लेख नहीं किया गया था। कांग्रेस ने आवेदन में राहुल गांधी का नाम तक नहीं लिखा और महत्वपूर्ण तथ्य छिपाकर अब कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परेड ग्राउंड में पहले से आयोजित लोक संवर्धन पर्व की अवधि भारत सरकार द्वारा दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय शोक के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाए थे, जिसके चलते आयोजन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में लोक संवर्धन पर्व में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और मैदान की उपलब्धता को देखते हुए प्रशासन ने कांग्रेस को बन्नू स्कूल मैदान सहित अन्य उपयुक्त वैकल्पिक स्थल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के कार्यक्रम को रोके जाने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है तथा भाजपा इसका सम्मान करती है। लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था का पालन करना सभी राजनीतिक दलों की समान जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अनावश्यक विवाद खड़ा कर जनता को भ्रमित करने के बजाय प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। जहां भी उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा, वहां नियमानुसार कार्यक्रम की अनुमति प्रदान की जाएगी।