



पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 14 साल की नाबालिग के मां बनने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने खुद को बच्चे का पिता बताने वाले युवक पर गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल नाबालिग और नवजात को संरक्षण में लेकर उनकी देखभाल और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


राज्य सरकार की संस्था, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एल एस खाती ने बताया कि गर्भवती लड़की को प्रसव पीड़ा हो रही थी। अभिभावक होने के नाते समिति ने आवश्यक सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए, जिससे डॉक्टरों को ऑपरेशन करने की अनुमति मिल गई।
खाती ने आगे बताया कि नवजात शिशु के पिता के खिलाफ मुनस्यारी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 87 और 5/6 के साथ-साथ यौन अपराधों से बाल संरक्षण अधिनियम (पीओसीएसओ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुद को शिशु का पिता बता रहा युवक पुणे में काम करता है।
नाबालिग लड़की ने समिति को बताया कि जब वह बहुत छोटी थी तब उसके माता-पिता अलग हो गए थे। पिछले साल, वह इस युवक के साथ रिश्ते में आ गईं और पुणे चली गई, जहां बाद में वह गर्भवती हो गईं। खाटी ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद, लड़की और उसके नवजात शिशु को एक विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी में रखा जाएगा, जहां लड़की के 18 वर्ष की होने तक उनकी देखभाल और सहायता की जाएगी।