Big breaking:गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों से गूंजेगा देहरादून, राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र सिंह पोखरियाल के समर्थन में आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम – Sainyadham Express

गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों से गूंजेगा देहरादून, राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र सिंह पोखरियाल के समर्थन में आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम

electronics

 

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में इस बार निकाय चुनावों के प्रचार का रंग कुछ अलग ही नजर आ रहा है। पारंपरिक राजनीति से हटकर, इस बार के चुनाव प्रचार में उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और लोक कलाकारों की अहम भूमिका दिखाई दे रही है। गढ़वाल के मशहूर लोकगायक और गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी अब देहरादून से मेयर प्रत्याशी और राज्य आंदोलनकारी वीरेंद्र सिंह पोखरियाल के समर्थन में अपने गीतों का जादू बिखेरने जा रहे हैं।

यह कार्यक्रम नथुवावाला/बालावाला में शिवप्रिया फॉर्म के सामने 12:30 बजे आयोजित किया जाएगा। नरेंद्र सिंह नेगी का यह सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल स्थानीय लोगों के बीच उत्सुकता का विषय है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है।

इस बार उत्तराखंड के कलाकार, स्टार प्रचारकों को भी पीछे छोड़ते नजर आ रहे हैं। हाल ही में ऋषिकेश में, गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश चंद्र मास्टर के समर्थन में एक कार्यक्रम किया, जिसने जनता के दिलों में गहरी छाप छोड़ी। इसके बाद, मशहूर गायक मंगलेश डंगवाल ने भाजपा प्रत्याशी शंभू पासवान के समर्थन में अपना कार्यक्रम किया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। अब, नेगी जी का देहरादून में यह कार्यक्रम राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है।

वीरेंद्र सिंह पोखरियाल के समर्थन में यह कार्यक्रम केवल एक चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और लोक संगीत का जश्न भी है। नरेंद्र सिंह नेगी अपने गीतों के जरिए हमेशा से उत्तराखंड की परंपरा, इतिहास और संघर्षों को आवाज देते आए हैं। ऐसे में उनका यह कार्यक्रम न केवल वोटरों को प्रेरित करेगा, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी नया आयाम देगा।

देहरादून के इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल प्रचार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता को जीवित रखने का एक प्रयास है। सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं, और बड़ी संख्या में लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *